Thursday, April 9, 2015

हमारे पास choice है क्या...

महिला सशक्तिकरण, ये शब्द सुनकर मुझे कई बार हंसी आती है। महिला के साथ सशक्तिकरण शब्द लगाने की जरूरत क्यों पड़ी, भला कोई मुझे बताएगा। महिला तो सशक्त ही होती है। मां सीता, द्रोपदी के समय से। हम सशक्त थी, ‌हैं और रहेंगी। My Choice नाम के एक वीडियो में दीपिका पादुकोण महिलाओं की आजादी की बात करती दिख रही हैं वहीं सोनाक्षी सिन्हा का कहना है कि सशक्तिकरण केवल employment और education से हो सकता है। क्या बकवास है यार।
न तो मर्जी से सेक्स करने से सशक्तिकरण होता है और न ही सिर्फ नौकरी कर लेने से। ऐसी बहुत सी highly Qualified औरतों को जानती हूं जो शिक्षा के बावजूद खुद को सशक्त नहीं बना सकीं। आप कुछ भी कर लें, आप तब तक सशक्त नहीं हो सकतीं जब तक आप अपने मन को सशक्त न कर लें। मन की मर्जी से कुछ भी कर लें, जैसे ही society और family का ख्याल आते ही आपके पैर कांपने लगे, मान लीजिए आप कमजोर हैं। सशक्तिकरण से मतलब क्या, आप अपने मन की करने को आजाद हैं। ऐसा है??? नहीं, ऐसा नहीं है। जब तक सोच पर पड़े ताले नही खुलेंगे, महिलाएं उस तरह से खुलकर नहीं जी सकती जैसे पुरुष जीते हैं। हां, पुरुष हमसे ज्यादा आजाद हैं, ज्यादा खुश हैं। क्योंकि वे मनमर्जियां करते हैं। उन्हें कोई नहीं रोकता। कभी मां रोक भी दे तो चाचा, दादा, ताऊ और पिता पौरुष के बचाव में आ खड़े होते हैं। लड़कियों के साथ ऐसा होता है???
दीपिका की मानें तो हम अपनी मर्जी के कपड़े पहनकर सशक्त हो जाएंगी। सोनाक्षी की मानें तो पढ़ने से empowerment आएगा। क्या करें हम? सब लड़कियां पीएचडी कर लें या फिर 18 साल की होते ही sex कर लिया जाए , फिर कोई हमें नहीं सताएगा। ऐसा होगा??? नहीं, कभी नही। सोच बदलनी पड़ेगी। सोच हमारी नहीं, इस समाज की बदलनी पड़ेगी जो छोटे कपड़े पहनकर घूमने वाली लड़कियों को बदचलन समझता है। सोच मां-बाप की बदलनी होगी जो अपनी बेटियों के सिर पर पूरे खानदान की इज्जत को ढोने का बोझ डाल देते हैं। सोच पतियों को बदलनी होगी जो बीवी को soulmate समझना तो दूर, soul तक नहीं समझते। और ऐसा न हुआ तो हम कितने भी वीडियो क्यों न बना लें, सशक्त नहीं हो पाएंगी।






(कई बार ख्याल आता है कि राम ने माता सीता को सिर्फ इसलिए त्याग दिया था क्योंकि रावण उन्हें उठाकर ले गया था। रावण ने तो कुछ अनैतिक नहीं किया, लेकिन राम ने एक धोबी के कहने पर पत्नी को त्याग दिया। तो फिर राम मर्यादा पुरुषोत्तम कैसे हुए? राम ने भी तो शबरी के झूठे बेर खाए थे, तो माता सीता ने उनका त्याग नहीं किया तो असल में सशक्त कौन था??? राम या सीता )

Saturday, April 4, 2015

हर नजर में कैमरा

Restructuring-UGC-among-top-100-priorities-of-Smriti-Iraniकई बार मोबाइल पर मैसेज आते हैं कि चेजिंग रूम में कैमरे को कैसे पकड़ें। मैसेज पढ़ते हैं, भूल जाते हैं। फिर कोई मामला सामने आता है तो हम चौकन्ने हो जाते हैं। लेकिन केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने ऐसा नहीं किया। उन्होंने उन चेतावनियों को याद रखा और एक बड़े मामले का भंडाफोड़ कर दिया। Good job Madam Minister!!!
मुझे पूरी उम्मीद है कि इस मामले के साथ ही महिला सशक्तिकरण जैसे शब्दों पर जोर-शोर से बहस होने लगेगी। घरों में माएं अपनी बेटियों को सलाह देंगी। वाट्सऐप पर सेफ्टी मैसेज की बाढ़ आ जाएगी। फिर!!! फिर कुछ नहीं। इस मामले के आरोपियों का भी कुछ नहीं होगा। दो, पांच या दस साल बाद शायद कोई फैसला आ जाए (वो भी इसलिए क्योंकि मामला स्मृति ईरानी से जुड़ा है)। फिर लोग भूल जाएंगे, लड़कियां भूल जाएंगी। यूं ही नए कपड़े ट्राय करने के लिए ट्राय रूम में जाती रहेंगी। लड़कियां बेवकूफ होती हैं न इसलिए या फिर उन्हें मालूम है कि इन कैमरों से क्या डरना। यहां तो हर नजर में कैमरा है। सड़क पर चलते, काम करते, रेस्टोरेंट में खाना खाते, फिल्म देखते, हर वक्त कोई न कोई कैमरा उनकी फोटो उतार ही रहा होता है। क्‍या करें? कहां जाएं? इनकी तो कहीं शिकायत भी नहीं होती। ये तो हर वक्त का शोषण है। खुद को हर वक्त एक आवरण में लपेटे रखना पड़ता है। गरमी हो सर्दी हो, सांस नहीं आती पर इसकी शिकायत नहीं कर सकतीं।


(एक बात का और शुक्र है कि इस बार चेहरे को सपाट बनाने की कोशिश करतीं हुईं महिला आयोग वाली कोई चलताऊ बयान नहीं दे पाएंगी क्योंकि मामला ‌मिनिस्टर का है)

Sunday, March 29, 2015

THE TRUTH ABOUT THE HARRY QUEBERT AFFAIR 


इस बुक के बारे में सबसे पहले HT BRUNCH में पढ़ा थ्‍ाा। बुक के reviews पढ़ कर लगा कि इसे पढ़ना होगा। शिवाजी सांवत की मृत्युंजय के बाद इस किताब के बारे में ही मैंने इतना excited feel किया। पहली फुरसत में इसे नेट पर खोजना शुरू किया। Flipkart पर मिली (इंटरनेट ने लाइफ को सचमुच आसान बना दिया है, मृत्युंजय को दो साल बाद दिल्ली के कनाट प्लेस की एक भुलभुलैया जैसी बुकशॉप में ढूंढ पाई थी) रेट ज्यादा था। थोड़ा हिचकिचाहट थी मन में। फिर सोचा बाकी जगह try करती हूं। amazon पर मिली, वहां भी महंगी थी। I mean, month end में आपको बजट थोड़ा देखकर चलना पड़ता है (गृहस्‍थी के साइड इफेक्ट)। करीब तीन महीने बाद बुक के रेट में कमी आई तो मैंने इसे खरीदा। इस किताब ने सचमुच दिमाग को हिला दिया


BOOK REVIEW

मर्डर मिस्ट्री है और एक बेहतरीन किताब, unexpected twist and turns... आप बेचैन रहते हैं जब तक बुक को खत्म नहीं कर लेते। Harry और nola का प्यार, हैरी और मार्कस की दोस्ती, New Hampshire का छोटा सा Somerset, साल 1975 और अगस्त की 30 तारीख
हालांकि बुक कुछ लंबी है लेकिन आप हर कैरेक्टर से रिलेट कर पाते हैं। चा‌हे वो मार्कस की मां हो या सोमरसेट का लाइब्रेरियन ई. पिंकास, हर किरदार के बारे में इतना detail कि आप अपनी आंखों में उसकी छवि बना सकते हैं। एक impossible सी लव स्टोरी, 15 साल की नोला और 33 साल के हैरी के बीच। एक अजीब सी दोस्ती 28 साल के मार्कस और 67 साल के हैरी की। Book में पैसे और fame के पीछे दौड़ता एक publisher है तो प्यार के लिए FBI की जाब छोड़ने वाला एक पुलिस अफसर भी है। हर किरदार एक राज है। वो एक बार खुलता है तो आप उसे अच्छा या बुरा मान लेते हैं। लेकिन कुछ ही पन्ने पलटने के बाद आपको उस किरदार के बारे में कुछ ऐसा पता चलता है कि आपकी राय बदल जाती है। किताब का हर पन्ना एक राज खोलता है। आप चैन नहीं ले पाते जब तक किताब को पूरा नहीं कर लेते।
एक और खासियत है इस किताब की। इसके chapter उल्टी गिनती में हैं। हर chapter की starting राइटर्स के लिए एक मैसेज है। लेखक बनने की चाह रखने वालों को ये किताब जरूर पढ़नी चाहिए। हालांकि मर्डर का राज बुक के अंत में ही खुलता है लेकिन उससे पहले जो चौंकाने वाली बातें सामने आती हैं, उससे बुक को पकड़े आपकी उंगलियों में और ज्यादा तनाव आ जाता है। आप बुक छोड़ना भी चाहें तो नहीं छोड़ पाते। dates के बीच में घूमती कहानी कुछ खीज पैदा कर सकती है लेकिन कुछ ही देर में आप फिर से mysteries की दुनिया में डूबने लगते हैं। किताब आपको डराती है, हंसाती भी ‌है और प्यार कितना खूबसुरत अहसास है, ये भी बताती है।


(My Opinion : GO FOR IT)

Saturday, December 7, 2013

डरपोक कमबख्त मर्द

'अब तो लड़कियों से बात करने में भी डर लगने लगा है'
क्यों? क्योंकि वो आपकी घटिया हरकतों, टुच्ची बातों को नजरअंदाज नहीं करती। चीख-चीख कर दुनिया को बता देती है और फिर आपको उन हरकतों को जस्टिफाई करना मुश्किल हो जाता है?
खुद को क्यों नहीं बदल लेते?
कैमरे पर बात आई तो सॉरी भी उसके पीछे-पीछे आ गई,  लेकिन उन बातों का क्या जो रोज गली और नुक्कड़ पर होती हैं (वैसे तो इनसे घर भी अछूते नहीं हैं)। कैमरे के सामने अचानक प्रतिक्रिया नहीं दी जाती। हर पल मन में ऐसी बातें उठती हैं तभी जबान पर आती हैं। घर में ऐसी बातों से ही बीवी, बेटियों को काबू कर रखा है। बात-बात में दूसरों की मां-बहन को गाली देने से आप खुद को चाहे मर्द साबित करते फिरें लेकिन आपके घर की औरतों को मालूम हो जाता है कि आप किस गंदगी में हैं। उनकी मुश्किल ये है कि वे इस बारे में कुछ नहीं कर सकती। छोटा लड़का हो तो मां या बड़ी बहन एक दो बार डांट देंगी लेकिन फिर घर के बाकी पुरुषों के मुहं से धाराप्रवाह गालियां उस डांट को बहा ले जाती हैं। जो बचपन से रवैया बना वो मरते दम तक नहीं जाता। आप चाहे जितना ढोंग कर लें, कही न कहीं आपकी असलियत सामने आ ही जाती है। घर की औरतें इसे ढका-छुपाकर रखती है लेकिन बाहर नहीं चलता। (कम से कम अब नहीं चलता)। अब लड़कियां नहीं डरती आपसे। अब डर आपको लगना चाहिए। ये मत सोचिए कि आपने कुछ बेहूदा हर‌कत की तो कोई अपनी नौकरी, अपनी इज्जत की परवाह कर चुप बैठ जाएगी। आपकी बैंड से बैंड बजा देगी। तो औरतों को सलाह देने से पहले खुद को बदल लो वरना ऐसे ही तुम्हारे चेहरे से नकाब उतरेंगे। जबान की चाबुक पर लगाम लगाएं और अपनी इज्जत बचाएं।

Tuesday, November 26, 2013

तुम ही कसूरवार हो बेटी

'कोई पिता अपनी बेटी को ऐसी हालत में देखेगा तो आपा खो ही देगा।'

एक घर, चार लोग, दो की हत्या, दो को उम्रकैद
क्यों मारा गया दो लोगों को? किसी के पास कोई पुख्ता जवाब नहीं कि आखिर उस रात को उस कमरे में हुआ क्या था?
दो लोग मर गये तो बाकि बचे दो को सजा। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर। ठीक बात है। आपके बगल वाले कमरे में हत्या हो जाती है और आपको पता नहीं चलता? कैसे मुमकिन है? फिर कई सबूत आपकी ही तरफ इशारा कर रहे है।
आपने भी अपने बचाव में बड़ी हल्की दलीलें दी (तभी आपको सजा मिली). लेकिन इस मामले की एक थ्योरी गले नहीं उतर रही। (केस के अनुसार आपने अपनी बेटी को नौकर के साथ गलत हालत में देखा तो आपका खून खौल गया और आपने दोनों की हत्या कर दी. लेकिन आपका खून हत्या करते ही शांत हो गया और आपने सारे सबूत मिटाने की कोशिश शुरू कर दी। मिटा भी दिए। नौकर का मोबाइल आज तक नहीं मिला। लड़की का जब मिला पूरा साफ़ किया जा चूका था। वो सर्जिकल ब्लेड नहीं मिला जिससे दोनों के गले काटे गये। वो गोल्फ स्टिक नहीं मिली जिससे सर पर वार किया गया था। लड़की का कमरा क्लीन था, कोई निशान नहीं, चादर पर सिलवटें नहीं थी, प्राइवेट पार्ट्स साफ़ किये गये थे।)
यहीं सारा मामला मेरी नजर में अटकने लगता है। क्या दो हत्याओं का केवल यही कारण हो सकता था?
हो सकता है बेटी को पिता की किसी बात का पता चल गया हो और नौकर ने उसे बेटी की जान लेते देख लिया हो
हो सकता है पिता ने बेटी के साथ कुछ गलत करने की कोशिश की हो और नौकर ने देख लिया हो?
हो सकता है किसी बहस के दौरान गलती से बेटी की हत्या हो गई हो और नौकर ने देख लिया हो? बाद में बेटी के प्राइवेट पार्ट्स को साफ़ कर मामले को भटकाने कि कोशिश की गई हो?
जो लोग अपनी इकलौती बेटी की हत्या के बाद इतने शांत रह सकते हैं, वो कुछ भी कर सकते हैं। इस केस में सबसे हल्की दलील यही थी कि पिता ने बेटी को नौकर के साथ ऐसी हालत में देखा कि आपा खो दिया और दोनों को मार दिया (कई छोटी मानसिकता के लोग सोशल साइट्स पर इसका समर्थन भी कर रहे हैं). कोर्ट ने जो भी फैसला दिया हो,  इन लोगों के लिए मरने वाले ही दोषी थे। सही है, अब कुछ भी कहिये, मरने वाले अपने बचाव में कोई दलील पेश नहीं कर सकते।
अब बस एक उम्मीद है कि एक दिन ये दोनों दोषी अपने दिल कि आवाज सुनें और सच्चाई को दुनिया के सामने रखें। तब तक तो बेटी तुम ही कसूरवार हो 

Tuesday, September 24, 2013

जो करें लड़कियां करें

रोहतक में धर्मेन्द्र और निधि की हत्या कर दी गई। उनका कसूर उन्होंने प्यार किया। कैसे कर सकते थे? समाज प्यार व्यार टाइप बातों को नहीं मानता। दोनों के गले निधि के परिजनों ने काटे। खापों का बयान आया परिवार का निजी फैसला था। हो सकता है हो। लेकिन उनको ऐसा करने के लिए मजबूर किसने किया? कौन कहता है की प्यार किया तो बिरादरी से बाहर कर दिया जायेगा, हुक्का पानी बंद कर देंगे?
फिर आया खापों का एक फैसला। लड़कियों के जीन्स-टॉप पहनने पर रोक। क्यों? क्योंकि इससे माहौल खराब होता है। कैसे? किसी लड़के की नजर और नीयत गन्दी है तो उसमें किसी लड़की का और उसके कपड़ों का क्या कसूर है। लड़कों को बुरका क्यों नहीं पहना देते। मुजफ्फरनगर में दंगा भड़का। मीडिया में आया लड़की को छेड़ने पर बात बिगड़ी। लड़की डर गई, बोली अब स्कूल नहीं जाउंगी। मेरी वजह से भाई चला गया, अब मैं नहीं पढूंगी। मुझे पता नहीं लेकिन लगता है शायद उसके माता-पिता ने भी उसका समर्थन ही किया होगा। ऐसा कब तक चलेगा और क्यों?
हर गलती का ठीकरा लड़कियों के सिर क्यों? पिता, भाई, पति, बेटे की गलती की सजा उन्हें क्यों?
कई घरों में मंगलवार और वीरवार को लड़की को बाल नहीं धोने दिए जाते। कई घरों में तो शनिवार को भी मनाही होती है। माँ भी मना करती थी। ऐसा क्यों? छोटी थी तो माँ की बात मान लेती थी। समझदार हुई तो सवाल उठाये। माँ से जवाब नहीं मिला तो सहेलियों से पूछा। पता चला उनके घरों में भी ऐसा ही है। फिर एक फ्रेंड ने बताया कि उसकी मम्मी ने बताया है कि जिसका एक भाई होता है उसे इन मंगल, वीर को बाल नहीं धोने चाहिए। बताने की जरुरत नहीं अगर ऐसा किया तो भाई को कुछ अनिष्ट हो सकता है। फनी है न, लेकिन सच।
बचपन से ही लड़कियों को समझा दिया जाता है की बाप-भाई की इज्जत उनके हाथ में है। उन्होंने कुछ गलत किया तो समझो सत्यानाश। लेकिन लड़कों को ऐसी कोई सीख नहीं दी जाती। उनको सब माफ़। वो आखिर अपने जो हैं

Saturday, August 28, 2010

कर्ण कथा

ऐसा कहा जाता है कि जो महाभारत में नहीं है, वो दुनिया में नहीं हो सकता. मतलब दुनिया कि हर बुराई, हर अच्छाई, हर तरह की इंसानी फितरत महाभारत में है. मुझे भी ऐसा ही लगता है. मैं महाभारत की कथा से बहुत प्रभावित रही हूँ. बचपन में टीवी पर देख कर उसके सभी पात्रों से परिचय हुआ. लेकिन द्रौपदी और कर्ण, इनके किरदारों ने मुझे हमेशा आकर्षित किया. कैसे एक महिला पांच पतियों के साथ रह सकती है. कैसा लगता होगा उस इन्सान को, जिसे ये पता चले की उसकी माँ ने उसे जन्म लेते ही नदी के हवाले कर दिया.

दुनिया महाभारत को सिर्फ कृष्ण, अर्जुन, गीता उपदेश और युद्ध के लिए जानती है. मैं गीता की नगरी कुरुक्षेत्र  की रहने वाली हूँ. इसलिए मैंने भी बचपन से न्यायी पांडवों और अन्यायी कौरवों के बारे में सुना था. लेकिन कर्ण महाभारत का वो हिस्सा है, जिसके बिना पांडव भी अधूरे हैं और कौरव भी. वो पहला पांडव था इसलिए नियम अनुसार न्यायी था. वो दुर्योधन का परम मित्र था और उसने महाभारत के युद्ध में अपने भाइयों के खिलाफ हथियार उठाये, इसलिए अन्यायी भी. कर्ण के चरित्र में बेहद घुमाव हैं. होने भी चाहिए. आखिर अपनी जड़ों से उखाड़े गए इन्सान का सरल होना जमता भी नहीं. एक नाटक के दौरान कृष्ण का किरदार निभाते हुए मराठी लेखक शिवाजी सावंत भी कर्ण के प्रति आकर्षित हुए. उन्होंने कर्ण पर किताब लिखने की ठानी. मेरे शहर से ही उन्हें कर्ण के बारे में अहम् बातें पता चली. इन बातों को जब उन्होंने शब्दों में ढाला तो मृतुन्जय तैयार हुआ. साठ के दशक में लिख गए इस उपन्यास का प्रभाव आज भी होता है. मेरा यकीन कीजिये. मुझे कर्ण की कहानी पढ़ते समय कई बार रोना आया, कई बार हैरानी हुई, कई बार रोमांच हुआ. मन में हमेशा एक दुविधा का सामना करने वाले कर्ण के मन की थाह पाना आसन नहीं. सूर्यपुत्र कर्ण, सूतपुत्र कर्ण, ज्येषठ कौन्तेय कर्ण, राधेय कर्ण, दानवीर कर्ण, उसने अपने हर नाम को जिया. हर नाम को सार्थक किया. गंगा में खड़े होकर सूर्य किरणों से अपने शरीर को तपाना, कुंती के कहने पर चार पांडवों को जीवनदान देना. एक बार मित्र कह देने पर दुर्योधन की हर सही गलत बात का समर्थन करना. विरोधी होते हुए भी कृष्ण के आदेश का पालन करना. इस किताब को पढने के लिए आपमें कर्ण को जानने का उतना ही अहसास होना चाहिए, जितना लेखक को रहा होगा. कर्ण का किरदार आपको अन्दर तक झकझोर देता है. आप उसकी भावनाओं को समझने लगते हैं तो आपको लगता है की जो कर्ण ने किया वो सही था. चाहे वो द्रौपदी के चीरहरण के समय उस पर कटाक्ष करना हो या अपने पहले बेटे से माँ पुकारने का अनुरोध करती कुंती पर व्यंग्य करना. कर्ण की हर बात आपको सही लगती हो. जब इन्द्र अपने पुत्र अर्जुन की रक्षा के लिए कर्ण से कवच कुंडल मांग ले जाते हैं, तो सब कुछ जानते हुए भी उन्हें दान देने की बात आपको अन्दर तक झकझोर देती है. कर्ण बिना शक अर्जुन से श्रेष्ठ तीरंदाज थे, लेकिन हमेशा उन्हें दोयम दर्जा मिला. उनका हमेशा लोगो ने अपने फायदे के लिए उपयोग किया. चाहे दुर्योधन हों या कृष्ण. कर्ण योद्धा थे, राजनीतिज्ञ नहीं. इसीलिए दुर्योधन ने उन्हें अपनी बातों में उलझाये रखा. कर्ण ने बेटे, भाई, पति, पिता, दोस्त और योद्धा हर भूमिका  को जिया और उसके साठ न्याय किया, चाहे इस कारण उन्हें खुद समय समय पर अन्याय का सामना करना पड़ा.

Sunday, August 8, 2010

दो साल की सफल मेहनत

क्या पढ़ रही है आजकल? मृतुन्जय, मराठी उपन्यासकार शिवाजी सावंत की रचना. ये कौन हैं? पता नहीं क्या क्या पढ़ती रहती हैं. राहुल से जब ये बात हुई तो उसकी बात पर मुझे बहुत हंसी आई. उसके हिसाब से मैं जाने क्या क्या पढ़ती रहती हूँ. मगर मैंने महाभारत के एक पात्र करण की जीवन गाथा पढने का निश्चय दो साल पहले उसी दिन कर लिया था जब चक्रेश जी ने मुझे इसके बारे में बताया था. उनका कहना था की इस किताब को पूरा किये बिना वापस नहीं रखा जा सकता. मैं ठहरी किताब रसिक. उनकी बात सुनते ही कहा मुझे भी पढनी है, तो जवाब मिला की किसी दोस्त को दी थी. अब याद नहीं. फिर दिनेशजी के मुंह से भी तारीफ आई. अब मैंने मन में ठान लिया की इस किताब को जरुर पढना है. सर्च शुरू की. चंडीगढ़ तक आई उसे सर्च करते करते. मगर बात नहीं बनी. कई बुक सेलर तो नाम सुनते ही मेरा मुंह ताकने लगते की ये कौन सी किताब है. हमने तो कभी नाम नहीं सुना. मगर मैं ठहरी धुन की पक्की. मैंने भी सर्च करना बंद नहीं किया. अपने सभी दोस्तों को भी कहा की किताब चाहिए. नजर रखना. राजेश मेरठ गया तो उसको भी अपनी इच्छा बताई. बाबा बुक मेले में गये तो उनसे भी किताब सर्च करने और अगर मिल जाये  तो लाने का आग्रह किया. मगर नतीजा सिफर. इन्टरनेट का भी सहारा लिया लेकिन उसके बारे में नेट पर भी बहुत कम जानकारी थी. एक साईट मिली, उसमे नाम भी था, लेकिन मै कुछ असमंजस में फँस गई. मुझे लगा आर्डर दे तो दूँ अगर बुक गलत आई तो? यही सोच कर रुक गई. बुक नहीं मिली तो मन की इच्छा भी दबने लगी. फिर अचानक एक महीने पहले दिल्ली जाना हुआ. कनाट प्लेस के जैन बुक डिपो में एक मेग्जिन खरीदने गई तो सोचा की हिंदी किताबो पर भी एक नजर डाल ली जाये. वही कुछ ऊपर के खाने थोडा पीछे की तरफ काले जिल्द की एक किताब पड़ी थी. मृतुन्जय. मेरा मन खुश हो गया. जिसे सब जगह सर्च किया वो यहाँ ऐसे हालत में राखी है. मैंने शॉप वाले से कहा वो काली किताब. और जब उसने वो किताब मेरे हाथ में दी, मैंने तत्काल उसको खोल कर पढना शुरू कर दिया. अपनी ख़ुशी में छुपा नहीं पा रही थी. जैसे ही रूम पर पहुंची. मैंने उसे पढना शुरू कर दिया. जैसे जैसे मैं पन्ने पलटती गई. मुझे खुद पर गर्व होने लगा की मैंने दो साल तक इस किताब का ख्याल अपने मन में रखा. रोमांचित कर देने वाला अहसास.

Tuesday, April 13, 2010

माहौल बदलती लड़कियां

निवेदिता जी, एक बात कहें, आप बुरा न मानना.... मेरे सहकर्मी लोकेश ने जब ये कहा तो एक बारगी तो मुझे लगा कि वो जरुर महिला पुरुष से जुडी कोई टिप्पणी करना चाहते हैं... मैं एक संभावित बहस के लिए तैयार हो गई. एक इन्सान कैसे माहौल को बदल देता है. उनकी यह बात सुनकर मुझे बेहद ख़ुशी भी हुई और थोड़ी हैरानी भी हुई. उनके कहने का मतलब था कि मेरे आने से न्यूज़ रूम का माहौल काफी बदल गया है. जहाँ बात बात पर एक दूसरे की माँ बहन की ऐसी तैसी की जाती हो वहां मेरे सामने तो कम से कम वो अपनी जुबान पर काबू रखते हैं.  न्यूज़ रूम के गर्म माहौल में हालाँकि दिमाग ठंडा रखना बेहद मुश्किल काम है, लेकिन फिर भी मेरे सामने अपनी जुबान पर इतना काबू पा लेने पर मेरे ऑफिस के सभी महाशय मेरी बधाई के पात्र हैं. मगर अभी भी कई ऐसे हैं जो धारा परवाह  अपशब्दों की गंगा बहाते रहते हैं. और उनमे भी कुछ महान तो ऐसे हैं जिन्हें पता ही नहीं चलता कि उन्होंने बात करते करते किसी की माँ बहन के बारे में बदजबानी कर दी हैं. उन्हें टोक दो तो कहते हैं कि हमने कब गाली दी.... मुझे कई बार उनकी अज्ञानता पर हंसी आती है तो कभी बेहद चिढ़ भी होती है. मगर ये उनका कसूर नहीं है..... घर का माहौल, यार दोस्तों की संगत उनकी जुबान बिगाड़ देती है. अपने आस पास भी कई लोगों को देखा, जो बिना किसी helping verb के अपनी बात पूरी नहीं कर पाते, दूर क्यूँ  जाना  मेरे पापा भी बात बात में अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं. मुझे शुरू से ही ये बात पसंद नहीं... आखिर अपनी माँ बहन के लिए दुनिया से टकरा जाने वाले पुरुष किसी दूसरे की माँ बहनों को सम्मान क्यों नहीं देते... तो मेरे सामने कभी भी कोई किसी महिला से बदतमीजी से बात करता है तो मैं उसे टोक देती हूँ. लेकिन हर जगह ये मुमकिन नहीं होता... मीडिया में आई तो लगा कि अब माहौल को बदलने का मौका मिलेगा लेकिन पता चला कि मीडिया वाले भी कम नहीं हैं.. यहाँ तो गाली के बिना बात ही नहीं होती. कई बार लगता है कि ठीक ही है आखिर समय पर काम पूरा करवाने के लिए कई बार गुस्सा करना ही पड़ता है, लेकिन फिर मन में ये ख्याल भी आता है कि अगर गाली देनी ही है तो महिलाओं को नीचा दिखने वाली गाली क्यूँ दी जाये... पुरुष दंभ को तोड़ती कोई गाली क्यूँ न बनाई जाये. मैं और मेरी दोस्त अमन हमेशा इसी बात पर अपने classmate से टकरा जाते थे. मानसिकता बदलने की ये हमारी छोटी सी कोशिश थी... इंस्टिट्यूट से निकले और जॉब ज्वाइन की तब भी यही सोचा कि आस पास के माहौल को जहाँ तक मुमकिन होगा बदल डालेंगे... जॉब में भी मैंने यही रवैया अपनाया. कोई मेरे सामने किसी महिला से फालतू चूं चपड़ करे तो मैं तबियत से चमका देती थी उसे. अच्छी किस्मत थी बॉस भी अच्छे मिले.... लेकिन जब रीजनल डेस्क पर आई तो लगा कि अब दिक्कत हो सकती है, पूरे ऑफिस में हम दो लड़कियां.. सीमा जी 8 बजे चली जाती थी, उसके बाद मैं निपट अकेली... page जाने का समय आते आते सभी का दिमाग गरम होने लगता था. इधर उधर से इसकी माँ की.... 'बहन.... काम नहीं करते' 'निकालो बहन.... को बाहर'... हालाँकि आस पास से ऐसा नहीं सुनाई देता था लेकिन फिर भी कभी कभी कानों में ऐसे शब्द जाते तो बहुत खून खौलता था. कुछ दिन तो मैंने सहन किया फिर मुझे लगा कि अगर मैं यूँ ही चुप रही तो ये सब मेरे सर पर बैठ कर कत्थक करेंगे, उसी दिन से मैंने हर गाली देने वाले महानुभाव को टोकना शुरू कर दिया... कुछ ने मेरे सामने तौबा की.... तो कई ऐसे भी हैं जो जान बूझकर अब भी बोल देते हैं और दांत निकालने लगते हैं... उन्हें मैं कुछ नहीं कहती.... आखिर किसी किसी कुत्ते की दुम हद से ज्यादा टेढ़ी भी होती है, कितनी भी कोशिश करो.... सीधी ही नहीं होती.

Sunday, February 7, 2010

माननीय सुप्रीम कोर्ट

सुप्रीम कोर्ट का कहना है की दहेज़ के लिए होने वाली हर मौत में उम्र कैद की सजा देना सही नहीं है. यह टिपण्णी एक ऐसे केस की सुनवाई के समय आई है जिसमे शादी के एक महीने बाद ही लड़की ने फंसी लगा लगा कर अपनी जान दे दी थी. माननीय सुप्रीम कोर्ट ने महिला को इस अंजाम तक पहुँचाने वाले इंसान की उम्र कैद की सजा कम करके केवल १० साल karne की बात कही है. दोषी को सिर्फ दुर्लभ मामलो में ही उम्र कैद की सजा दी जानी चाहिए. कहा गया की वह इंसान काफी युवा है, इसलिए १० साल की कैद बहुत है. क्या उस महिला ने अपनी सारी जिंदगी देख ली थी जो उसे मरने को मजबूर करने की बात को सुप्रीम कोर्ट ने दुर्लभ नहीं माना. उन माँ बाप का क्या जिन्होंने अपने कलेजे के टुकड़े को अरमानो के साथ ससुराल भेजा था. उन्हें अगर मालूम होता की बेटी सिर्फ एक महीने ही जी पायेगी तो क्या वो उसके हाथों में उस पापी के नाम की मेहँदी लगने देते? नहीं, कभी नहीं. क्या उन्होंने लालची ससुराल वालों का मुंह भरने में कोई कोर कसर उठा रखी होगी जो एक महीने बाद ही बेटी की अर्थी को कन्धा देना पड़ गया. दस साल की सजा काटने के बाद तो वो कमीना अपनी जिंदगी फिर से शुरू कर सकेगा, मगर उन माँ बाप का क्या जिनकी जिंदगी में उसने ज़हर घोल दिया. खून के आंसू रोते होंगे वो. बार बार खुद को कोसते होंगे की क्यूँ नहीं पहले जांच लिया. खाना नहीं भाता होगा उस माँ को जिसने अपनी जवान बेटी की लाश फंदे से झूलती देखी होगी. कैसे जी रहा होगा वो बाप जिसे बुढ़ापे में जवान बेटी की अर्थी उठानी पड़ी.  माननीय कोर्ट ने अगर उस कमीने की उम्र के साथ ही उस लड़की के बाप की झुकी हुई कमर भी देखी होती तो अच्छा होता, उस माँ की आँख से बहते आंसू बी माननीय कोर्ट को नजर आते तो शायद न्याय होता. दहेज़ कानून का दुरुपयोग बढ़ रहा ह मगर जहाँ किसी की जान चली जाये तो क्या उसे भी दुर्लभ केस न माना जाये.... 

Friday, February 5, 2010

socha na tha: हद हो गई ये तो

socha na tha: हद हो गई ये तो

भला मानस मोदी

पिछले ५ साल में विभिन्न कार्यक्रमों में 'अपियरेंस' देकर गुजरात के मुख्यमंत्री नरेन्द्र मोदी 23 करोड़ रुपये जमा कर चुके हैं। ये सारा पैसा उन्होंने भलाई के काम में दान कर दिया। भई वाह, गुजरात दंगों में तथाकथित राजधर्म न निभाने वाले मोदी यहाँ अपने समकक्षों से बहुत आगे निकल गए लगते हैं। दंगों के साए रह रह कर सामने आते रहते हैं, मगर मोदी चुपचाप अपना काम करते रहते हैं। ये बात भी उनके व्यक्तितत्व का एक ऐसा पहलु है जो आमतोर पर मीडिया की नजरों से छुपा ही रहता है। मीडिया जो भी कहे, पिछले विधानसभा चुनावों में मोदी को दोबारा सत्ता की चाबी देकर गुजरात की जनता ने अपना फैसला पूरे देश को सुना दिया था। उनकी कट्टर छवि के बारे में तो बहुत ख़बरें आती हैं मगर उनकी इस उजली छवि को मीडिया कम ही उजागर करता है। इसका कारण क्या है, मैं नहीं जानती। मगर इंडिया टुडे में मोदी के बारे में एक लेख पढ़कर मेरी उनके बारे में जो राय बनी थी, वो इस बात से पक्की हो गई की मोदी अपने गुजरात की जनता के लिए कुछ भी कर सकते हैं। भले ही मोदी के आलोचक कुछ भी कहते रहें। मगर उनकी इस अपियरेंस' के जरिये सीएम ऑफिस पिछले 5 साल 23 करोड़ रुपये जमा कर चुका है। इस पैसे का बड़ा हिस्सा कन्या कल्याण निधि मे गया है, जहां इसका इस्तेमाल लड़कियों की शिक्षा के लिए किया गया है। मोदी जबसे सीएम बने हैं, इस फंड में 104 करोड़ रुपये जमा हुए हैं। हाल ही में एक कॉरपोरेट हाउस ने मोदी को एक उद्घाटन के लिए बुलाया था, तो उसने सीएम रिलीफ फंड में 11 लाख रुपये दिए। मोदी इस पैसे को जनता के हित में ही खर्च कर देते हैं। वैसे मेरा मानना है की राजनीति में कुंवारे लोगों को ही आना चाहिए। अगर बाल बच्चे नहीं होंगे तो आखिर इंसान किसके लिए घपले करेगा। वाजपेयी भी इसका बेहतरीन उदाहरण हैं। मोदी भी वाजपेयी के रास्ते पर चल रहे हैं, बस फर्क इतना है की मोदी को वाजपेयी से ज्यादा मौके मिल रहे हैं और मोदी इसका फायदा भी उठा रहे हैं।

Wednesday, February 3, 2010

हद हो गई ये तो

मुंबई किसके बाप की है, इस पर शिवसेना वाले बहुत चिल्ल पों मचा रहे है। शिव सेना सुप्रीमो ठाकरे जानना चाहते हैं की मुंबई किसके बाप की है। कोई उनसे ये पूछे की क्या वो बता सकते हैं की मुंबई किसकी औलाद है। या उनकी माताजी ने मुंबई को नौ महीने अपनी कोख में रखा था और पैदा कर ठाकरे की गोद में डाल दिया था की ले बेटा आज से मुंबई तेरे बाप की औलाद है। जो जी में आये वो करना। क्या किया मुंबई के लिए, इन महाशय से कोई पूछे तो लाख सर खुजाने पर भी शायद कुछ याद न आ पाए। वो तो भला हो बॉलीवुड का जिसने मुंबई को देश में मशहूर कर दिया। आज उसी बॉलीवुड को आँख दिखा रहे है ये ठाकरे। मुंबई को घर की मुर्गी समझा है क्या। संकीर्ण मानसिकता की भी हद होती है भाई लोगों। एक महिला की इज्जत कैसे की जाती है, पहले ये समझ कर आइये फिर किसी की माँ, बीवी या बहन पर आरोप लगायें। उस महिला को गाली देते हैं ये लोग जिसने भारतीय महिला के हर रिश्ते को गरिमापूर्ण तरीके से निभाया। पति की मौत के बाद अपने बिखरते परिवार को कैसे समेटा जाता है, कोई उस महिला से पूछे। राहुल गाँधी की शादी नहीं हुई तो क्या आप करवाएंगे जो आपके पेट में इतना दर्द हो रहा है। आप हैं क्या जो किसी को भी गाली दे सकें। घटिया राजनीती के चलते ही इस बार भी जनता ने अपना मत इन्हें नहीं दिया, फिर भी बाबु जी मानने को ही तैयार नहीं हैं की हम गलत दिशा में जा रहें हैं। कट्टर हिंदूवादी हो तो हिन्दू लोगों के हित का कोई काम करो। ताकि आपके परमात्मा को प्यारे होने के बाद उसे कोई याद रखे, वर्ना याद रखिये की हाथों में चूड़ियाँ उत्तर भारतीयों ने भी नहीं पहन रखीं हैं। किसी नोर्थ इंडियन का दिमाग घूम गया तो समझ लेना मराठी मानुष का ढोल पीटने वालों

Monday, January 25, 2010

राष्ट्रीय पुरस्कारों की औकात

फिर वही हुआ जो हर बार राष्ट्रीय पुरस्कारों के समय होता है। किसी ने ना मिलने पर आंसू बहाए तो किसी ने इन पुरस्कारों को दुत्कार दिया। दोनों ही वजह से लोग सुर्ख़ियों में आये। पद्मा अवार्ड में उपेक्षा से ओलम्पिक पदक विजेता बिजेंदर की आँखें नम हो गई। बिपाशा बासु और प्रियंका चोपड़ा के साथ ठुमके लगा चुके बिजेंदर को इस बात से दर्द हुआ की जब मुल्तान में तिहरा शतक मरने वाले उन्हीं के पड़ोसी सहवाग को पद्मा श्री मिल सकता है तो उन्होंने तो ओलम्पिक में मेडल जीता है। मगर उनका और ओलम्पिक मेडल विजेता सुशील का कारनामा शायद पुरस्कार समिति को कम लगा होगा तभी तो न दिया पद्मा अवार्ड का झुनझुना। समिति को लगा होगा की ऐसे अवार्ड बाँटने से तो अवार्ड की कीमत कम हो जाएगी। आखिर अवार्ड की इज्जत का सवाल है भाई। अब चाहे आपने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम क्यों न रोशन किया हो। अगर आप धोनी या ऐश्वर्या जैसे राष्ट्रीय स्तर पर पोपुलर चेहरों से मेल नहीं खाते तो सॉरी आप इस अवार्ड के काबिल नहीं हैं। बिजेंदर ने अवार्ड न मिलने पर आँखें नम कर ली उन्हें तो सीनियर पत्रकार पी. साई
नाथ से प्रेरणा लेनी चाहिए जिन्होंने पद्मश्री अवॉर्ड को लेने से ही इनकार कर दिय। पिछले दो दशक से साईनाथ विदर्भ में किसानों की समस्या पर काम कर रहे हैं। उनका कहना है जब देश में किसान आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहा है तो ऐसे में इन अवार्डों की कोई कीमत मेरी नजरों में नहीं है। यहाँ गौर करने वाली बात ये है की साईनाथ मैग्सेसे जीत चुके हैं। आपने देश के निर्माण में और उसे आगे बढ़ाने में कितना योगदान दिया, ये ज्यादा मायने रखता है। किसी अवार्ड के मिल जाने से आपकी लोकप्रियता में और काम में कोई निखार नहीं आता। कुछ समय के लिए इलेक्ट्रोनिक मीडिया आपको जरुर सर पर बिठा सकता है, मगर आखिर में आपका काम ही आपके लिए बोलता है। विजेंदर और उनके प्रशंसको को सिर्फ एक अवार्ड न मिलने से निराश नहीं होना चाहिए।

Tuesday, January 12, 2010

चक दे नहीं चेक दे

सचिन बने टैक्स देने में भी नंबर १. अखबार में इस खबर को पहले पन्ने पर जगह दी गई. क्रिकेट भारत में धर्म है और सचिन भगवान्. ठीक है भाई जो सचिन ने टैक्स चुका दिया. अब उनके पास अरबों खरबों की दौलत है, उसमे से कुछ दाने टैक्स में दे भी दिए तो क्या बड़ी बात हो गई. बात पहले पन्ने लायक तो तब बनती जब कोई हाकी खिलाडी इतना ज्यादा टैक्स भरता. मगर न ऐसा कभी हुआ और न कभी कोई हाकी खिलाडी पहले पेज पर छप सका. मगर अब हाकी खिलाडियों ने भी कमर कस ली है. आखिर इज्जत का सवाल है भाई लोग. जितना पैसा उनके क्रिकेटी बंधू कमा रहें हैं, उसका कुछ हिस्सा इन्हें भी तो मिले. आखिर ये भारत का राष्ट्रीय खेल खेलते हैं. भारत का दुर्भाग्य है की क्रिकेट के खिलाड़ियों पर पैसा बरसता है, वहीँ राष्ट्रीय खेल खेलने वाले वेतन भत्ता भी नहीं पा रहे. कोई नहीं जान पाता इस बात को अगर खिलाडी खेल को छोड़ देने जैसी गंभीर बात नहीं कह देते. आखिर ऐसा क्यों होता है. इन्हें क्रिकेटरों की तरह न तो विज्ञापनों से कोई आय होती है और न टूर्नामेंट्स खेलने के लिए अलग से कोई प्रोत्साहन राशि मिलती है। उस पर अगर वेतन भी न मिले तो समझा जा सकता की आखिर हाकी में हमारी हालत इतनी पतली क्यों है. फेडरेशन भंग होने के बाद हाकी इंडिया के गठन को कुछ ही महीने हुए हैं। अभी तो ये अपने लिए धन के स्त्रोत भी पैदा नहीं कर पाया होगा, पर स्पॉंसरशिप के रूप में उसे तीन करोड़ रुपये तो मिले हैं। साथ ही हाकी फेडरेशन के भंग होने पर सेवामुक्त अधिकारी फेडरेशन का पैसा अपने घर तो लेकर नहीं गए होंगे। पुराने खातों से या नई स्पॉन्सरशिप से खिलाड़ियों के हाथ में कुछ तो दिया ही जा सकता था, मगर ऐसा नहीं हुआ और विवाद बढ़ता ही चला गया. वैसे तो हालत पहले से ही ख़राब थे मगर ऐसी बातों का असर विश्वकप और फिर कॉमनवेल्थ में हमारे प्रदर्शन पर भी पड़ सकता है। वैसे भी अस्सी साल में पहली बार हमारी हाकी टीम ओलिंपिक के लिए क्वॉलिफाई तक नहीं कर पाई। कभी इसी खेल ने हमको पहला ओलिंपिक गोल्ड दिलाया था। पर अब तो उन दिनों की यादें ही बाकी रह गई हैं. मगर इस बहाने से ही सही एक बार फिर भारतीय हाकी ने अखबार के पहले पन्ने पर तो अपने लिए थोड़ी सी जगह बना ही ली। चक दे हाकी

Sunday, October 11, 2009

यह दुनिया अगर मिल भी जाए तो क्या है....

न्यूयॉर्क में गुरुदत्त पर फ़िल्मोत्सव

गुरुदत्त

इस हेडिंग पर मेरा ध्यान बहुत देर तक लगा रहा... आगे ख़बर कह रही थी की भारत के मशहूर फ़िल्मकार और अभिनेता गुरूदत्त की मौत के 45 साल बाद उनके वतन से हज़ारों मील दूर न्यूयॉर्क में उनको उनकी फ़िल्मों के सहारे याद किया जा रहा है।
गुरुदत्त...... ये वो नाम है जिसके बारे में कहा जाता है की वो अपने समय से बहुत आगे थे....मैंने गुरुदत्त के बारे में तब जाना जब मास्टर्स डिग्री करते समय उन पर एक प्रेजेंटेशन की.... इससे पहले उनके बारे में ज्यादा नही जानती थी... सुना था... पापा से और बड़ी बहिन से..... मगर जब प्रेजेंटेशन की तयारी करते समय गुरु के बारे में सर्च किया तो जाना की वे क्या थे..... महेश भट्ट ने उन्हें राज कपूर से बड़ा और महान फिल्मकार माना है.... मेरा भी यही मानना है की गुरु को वो रुतबा और सम्मान नही मिला जिसके वो हक़दार थे... उनकी फिल्मों में कमाल का जादू है जो आपको अपनी और खींचता है.... एक बार आप उन्हें देखते है तो उन पर से नजरें हटाना मुमकिन नहीं होता... हालांकि गुरु ने सिर्फ़ 39 साल की उमर में दुनिया को अलविदा कह दिया था लेकिन तब तक वे भारतीय सिनेमा को अपना वो अमूल्य योगदान दे गये जिसका कोई सानी नही है.... मूल रूप से नृत्य निर्देशक गुरु गंभीरता को जो नए आयाम दिए, वे अपने आप में एक मिसाल है.... प्यासा, कागज़ के फूल और साहिब बीवी और गुलाम..... ये तीनो ही फिल्में अमित छाप आप पर छोड़ती हैं.... प्यासा को तो टाईम्स ने 100 सर्वकालिक फिल्मों की सूची में जगह दी है.... यूँ तो कागज़ के फूल बॉक्स ऑफिस पर सफल नही हो पाई थी मगर आज उसे गुरु की सबसे बेहतरीन फ़िल्म माना जाता है.... साथ ही यह भी माना जाता है कि उन्होंने फ़िल्म निर्देशन में हिंदी फ़िल्मों को कई नए अंदाज़ दिए। फ़िल्म बनाने की तकनीक में उनके योगदान को भी याद किया जाता है..... उनको अपनी फ़िल्मों में क्लोज़ अप शॉट्स का बेहतरीन प्रयोग करके दूसरे फ़िल्मकारों को भी इसके प्रयोग का रास्ता दिखाने का श्रेय दिया जाता है.... यह बात भी कही जाती है कि अपनी फ़िल्मों को बनाने के दौरान अगर गुरूदत्त को कोई कमी या ख़ामी लगती थी तो बीच में ही वह प्रोजेक्ट ख़त्म कर देते थे...... यही वजह है कि उनकी बहुत सी फ़िल्में अधूरी भी मौजूद हैं.... कला के दीवाने लोग ऐसे ही होते थे...... 1964 में उनकी अचानक मौत से भारतीय सिनेमा ने एक बेहतरीन फ़िल्मकार खो दिया।

तुम दुनिया से चले गये गुरु लेकिन दीवानों के दिलों में तुम आज भी जिन्दा हो


गुरुदत्त

Friday, October 9, 2009

ये तो बेईमानी है भाई

नोबल पुरस्कारों की स्थापना करने वाले अल्फ्रेड नोबल ने 1895 में अपनी वसीयत में लिखा था कि नोबल शांति पुरस्कार “उसी व्यक्ति को दिया जाए जिसने देशों के बीच भाईचारा बढ़ाने के लिए, सेनाओं की समाप्ति या कमी के लिए शांति बनाने और बढ़ाने के लिएसबसे अधिक या सबसे अच्छा काम किया हो।”
तो भाई लोगों, अमेरिका के पहले ब्लैक प्रेजिडेंट को जब 2009 का नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया तो मुझे कुछ हैरानी हुई... वो इसलिए क्योंकि नोबल पुरकारों के लिए नामांकन की अंतिम तारीख एक फरवरी तक ओबामा को पद ग्रहण किये केवल 11 ही दिन हुए थे............... ओबामा ने 20 जनवरी 2009 को अमेरिकी राष्ट्रपति का पद ग्रहण किया था। यानी इस वर्ष एक फरवरी तक ओबामा ने बतौर अमेरिकी राष्ट्रपति जो कार्य किया था, उसके लिए उन्हें नोबल का शांति पुरस्कार दिया गया है। अब ये तो सरासर बेईमानी है....वर्ल्ड में शांति दूत के रूप में पहचाने जाने वाले गाँधी को जब नोबेल पुरस्कार कमिटी ने इस लायक नहीं समझा तो ओबामा ने विश्व शांति के लिए 11 दिन में ही ऐसा कौन सा तीर मार दिया... ये बात समझ से परे है... वैसे मैं ओबामा की बहुत बड़ी प्रशंसक हूँ.... उनके द्वारा दिए गए नारे में मुझे दुनिया बदलने का जज्बा दीखता है.... मगर इतनी जल्दी नोबेल मिलना मेरे ख्याल से उन पर अतिरिक्त दबाव का काम करेगा..... वो पहले ब्लैक हैं जो इस अमेरिका के सर्वोच्च पद पर पहुंचे मगर सिर्फ इसलिए तो उनको नोबेल से नहीं नवाजा जा सकता.....

Thursday, October 8, 2009

फालतू चिलपों न मचाएं

नवभारत टाईम्स में पब्लिश ये अर्तिक्ले मुझे बेहतरीन लगा... आखिर एक अप्रवासी भारतीय की किसी भी सफलता पर इतराने का क्या मतलब है.... ऐसे लोग अवार्ड लेते समय भारत का नाम तक नहीं लेते... और हम यहाँ उनके नाम का डंका पिटते हैं... इंडिया में पैदा होने का मतलब नहीं की उसकी सभी उपलब्धियां भी हमारी बपोती हो गई... उफ़, ये मानसिकता हमे कहीं का नहीं रखेगी....
हर अखबार ने इन्हें फ्रंट पेज पर ऐसे चिपका दिया मानो ये भारत के लिए भारत से भी बड़ी हस्ती हैं.... हटाओ यार... सच्ची प्रतिभायों पर ध्यान दीजिये.... जैसे झारखण्ड खुफिया पुलिस विभाग के इंसपेक्टर फ्रांसिस इन्द्रवार.... ये हैं भारत के सच्चे सपूत
डॉ. वेंकटरमण रामकृष्णन।
वेंकटरमण को इस साल नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया है। यह खबर सभी अखबारों , टीवी न्यूज चैनलों की हेडलाइन बनी। हर चेहरा खुश नजर आया। ऐसा माहौल बना कि जैसे नोबेल इंडिया की झोली में आ गिरा हो। लेकिन इसमें खुश होने जैसी कोई बात नहीं है। पहले तथ्यों पर नजर डालते हैं ...

गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर को 1913 में साहित्य का नोबेल पुरस्कार मिला। 1930 में सर सी . वी . रमन को भौतिकी के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया। मदर टेरेसा को 1979 में नोबेल शांति पुरस्कार के लिए चुना गया। अल्बानिया में जन्मी मदर टेरेसा ने 1950 में कोलकाता में गरीबों और रोगियों की सेवा के लिए मिशनरीज ऑफ चैरिटी की स्थापना की। उन्हें भारत की नागरिकता भी दे दी गई थी। 1979 में उन्हें नोबेल कमिटी ने शांति पुरस्कार के लिए चुना। मदर टेरेसा को भी इस सूची में गिना जा सकता हैं क्योंकि उन्हें भी नोबेल भारत में रहकर यहां के लोगों के बीच काम करने के लिए मिला।
1998 में अर्थशास्त्र के लिए नोबेल पुरस्कार पाने वाले अमर्त्य सेन शांतिनिकेतन और कोलकाता के प्रेजिडेंसी कॉलेज से पढ़ाई करने के बाद ब्रिटेन चले गए। यहां ट्रिनिटी कॉलेज से उन्होंने आगे की पढ़ाई की और प्रसिद्ध अर्थशास्त्री बने। सेन अब भी भारतीय नागरिक हैं। सही मायने में सिर्फ यही चार नोबेल पुरस्कार भारत के हैं। बाकी के नोबेल विजेताओं का भारत से कहीं न कहीं जुड़ाव था लेकिन उनके नोबेल को हम न तो अपना कह सकते हैं और न ही उनपर गर्व कर सकते हैं। हरगोबिंद खुराना को 1968 में मेडिसिन का नोबेल मिला। 1922 में अविभाजित भारत के रायपुर ( अब पाकिस्तान में ) में जन्मे खुराना ने एमएससी की पढ़ाई लाहौर यूनिवर्सिटी से की और इसके बाद 1945 में वह ब्रिटेन चले गए। उनके नोबेल का भारत से कोई लेना - देना नहीं था। 1910 में लाहौर में जन्मे एस . चंद्रशेखर , नोबेल पुरस्कार विजेता सर सी . वी . रमन के भतीजे थे। शुरुआती पढ़ाई मद्रास ( अब चेन्नै ) में करने के बाद वह अमेरिका चले गए। 1953 में उन्हें अमेरिकी नागरिकता मिल गई थी। 1983 में उन्हें नोबेल पुरस्कार मिला। त्रिनिदाद में जन्मे भारतीय मूल के लेखक वी . एस . नायपॉल को 2001 में साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार से नवाजा गया। दो साल पहले 2007 में पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति अल गोर और यूएन पैनल ऑन क्लाइमेट चेंज को संयुक्त रूप से नोबेल शांति पुरस्कार दिया है। इस पैनल के मुखिया भारत के प्रसिद्ध पर्यावरण विशेषज्ञ आर . के . पचौरी थे।
इस आर्टिकल का मकसद किसी की उपलब्धि को कम करके आंकना नहीं है बल्कि यह बताना कि जिन नोबेल पुरस्कारों को हम अपना मानते हैं वह दरअसल हमारे नहीं हैं। वैसे तो नोबेल पुरस्कार पूरी मानवता का कल्याण करने या उसे प्रभावित करने के लिए दिए जाते हैं और किसी एक देश से इसे जोड़ना पक्षपातपूर्ण होगा। लेकिन यह भी सच है कि एक अरब से ज्यादा लोगों के देश में कुल चार नोबेल पुरस्कार ऐसे हैं जिनकी नींव भारत में ही पड़ी। मूल बात यह है कि क्या भारत में लोगों को वैसी बुनियादी सुविधाएं मिलती हैं कि वह हर नोबेल पुरस्कारों में अपना नाम दर्ज करवा सकें। क्यों वैज्ञानिकों को उच्च स्तर की रिसर्च के लिए पश्चिम का रुख करना पड़ा है ? आईआईटी , आईआईएम और आईआईएसएसी के अलावा हमारे पास कितने विश्वस्तरीय संस्थान हैं ? सरकार आधारभूत शोध और विज्ञान को बढ़ावा देने के लिए कितना खर्च करती है ? यह उसी तरह है जैसे ओलिंपिक में अभिनव बिंद्रा के गोल्ड मेडल पर पूरा भारत झूम उठा। जबकि उनकी इस सफलता में भारतीय खेल तंत्र की भूमिका न के बराबर ही रही। अभिनव बिंद्रा ने यह महंगा खेल अपने खर्च पर सीखा जबकि दूसरे खिलाड़ी , जो इसके लिए सरकारी संस्थाओं पर निर्भर हैं , ओलिंपिक में बड़ी कामयाबी से अछूते ही रहे।

मैं इस सिस्टम से नाराज हूँ

कई बार सिस्टम पर बहुत गुस्सा आता है, आखिर क्यों लोग दुसरो के कंधे पर पैर रखकर आगे बढ़ना चाहते हैं. अगर आपको आगे जाना है तो भाई अपने दम पर जाओ किसने मना किया है...... तुम काम भी नहीं करना चाहते मगर आगे भी जाना है तो बताओ ऐसा कैसे हो सकता है.... ऑफिस में भी कुछ लोग ऐसे है जो काम तो करते नहीं बस आगे जाना है.... नालायक लोग.. मेरे साथ ऐसा हो तो मुझे इतना दुःख नहीं होता, मगर जब मेरे दोस्तों के साथ ऐसा होता है तो मुझसे सहन नहीं होता... कोई दब रहा है और आप उसे और ज्यादा दबा रहे हैं, ये कहाँ का न्याय है यार.... कुछ तो सोचो उसके बारे में भी जो दिन रात काम करता है और सोचता है की उसे उसके काम का फल मिलेगा लेकिन होता क्या है... काम कोई करे और बोनस कोई और ले जाये..... ये सिस्टम गन्दा है, बहुत गन्दा, मगर मैं कुछ नहीं कर सकती..... सिर्फ ब्लॉग लिखने के.... लेकिन ये भी तो एक साधन ही है....

Tuesday, October 6, 2009

ऐसी बेमतलब की बयानबाजी

कंपनी मामलों के मंत्री खुर्शीद को यह बात नहीं पच रही कि प्राइवेट कंपनियों के अधिकारियों को भारी - भरकम सैलरी मिलती है। योजना आयोग के उपाध्यक्ष और वरिष्ठ नौकरशाह मोंटेक सिंह अहलूवालिया भी इस मामले में खुर्शीद से इत्तफाक रखते हैं और कहते हैं कि कंपनियों के CEOs को 'Indecent salaries' ( उल - जलूल वेतन ) नहीं दिया जाना चाहिए।

जिम्मेदार पदों पर बैठे इन लोगों से ऐसी बेमतलब की बयानबाजी की अपेक्षा नहीं की जाती। प्राइवेट कंपनी के अधिकारी जो भारी - भरकम सैलरी लेते हैं तो वह पैसा सरकार की जेब से नहीं जाता। यह पैसा उन्हें उनकी काबलियत और योग्यता के आधार पर मिलता है। यह पारिश्रमिक होता है कंपनी के लिए मुनाफा कमाने , कारोबार बढ़ाने और हजारों लोगों को रोजगार देने का। यह पैसे उन्हें अधिसंख्य सरकारी नौकरों की तरह कुर्सी तोड़ने , बेवजह काम लटकाने और जनता के पैसे की बर्बादी करने के लिए नहीं मिलते। यह उनकी मेहनत की कमाई है जिसपर वह पूरा टैक्स चुकाते हैं।

यहां आंकड़े देने की भी जरूरत नहीं है क्योंकि हर नागरिक यह जानता है कि हमारे सांसदों और मंत्रियों पर कितना खर्च होता है। देश को चलाने के नाम पर करोड़ों रुपये संसद में स्वाहा होते हैं लेकिन आम आदमी तक रुपये में दस पैसा भी नहीं पहुंचता। दिल्ली के जिन सरकारी बंगलों में हमारे नेता रहते हैं , वहां जमीन की कीमत अरबों नहीं तो करोड़ों में तो है ही। क्यों नहीं सभी सांसदों - मंत्रियों के लिए बहुमंजिला इमारत बना दी जाए और सबको एक - एक अपार्टमेंट दे दिया रहने के लिए ? ऐसा क्या करते हैं आप जिसके लिए जनता के पैसे की दीवाली मना रहे हैं ? फ्री में चलो , फ्री में उड़ो , फ्री में ठहरो। पता है , यह पैसा टैक्स देने वाले की जेब से आ रहा है ?

कांग्रेस और केंद्र सरकार में सादगी के नाम पर जो तमाशा हो रहा है यह किसी से छिपा नहीं है। लेकिन उसी सरकार के मंत्री फाइव स्टार होटल में रहते हैं। छाती ठोककर कहा कि किसी से मांग नहीं रहे हैं , अपनी जेब से खर्च उठा रहे हैं। तभी फिर एक खुलासा हो गया कि जिन होटलों में माननीय मंत्री ठहरे थे , उनमें सरकारी खर्च पर रहने की मनाही है और इन होटलों के एमपैनलमेंट के लिए कोशिश की गई थी। यानी , यह खुलासा न होता तो होटल सरकारी पैनल में आ जाते और सरकार द्वारा भुगतान करने का अड़ंगा भी खत्म हो जाता। वैसे , अबतक किसी को पता नहीं कि दोनों मंत्रियों ने अपने फाइव - स्टार होटल प्रवास का कितना बिल चुकाया है।

सलमान खुर्शीद ने लोकसभा चुनाव में अपने हलफनामे में 2.61 करोड़ की संपत्ति होने की बात कही थी। खुर्शीद नामी और बेहद कामयाब वकील हैं इसलिए इसमें कोई अनोखी बात नहीं है। केस लड़ने के लिए वह मोटी फीस भी जरूर लेते होंगे। कल को कोई उनसे कहे कि आप तो जन - प्रतिनिधि हैं , आपको पैसे की क्या जरूरत , आप हर केस की फीस सिर्फ दस रुपये लीजिए। लेंगे ? नहीं न ! फिर दूसरों को नसीहत क्यों दे रहे हैं। पैसा कमाना तो आदमी का मौलिक अधिकार होना चाहिए। अगर आप किसी गलत तरीके से नहीं कमा रहे हैं तो इसकी सीमा क्यों होनी चाहिए ?

यहां भ्रष्टाचार की तो अभी तक बात भी नहीं छेड़ी गई है। नरेगा में फर्जीवाड़े के नाम पर अरबों रुपये के वारे - न्यारे , सांसद - विधायक निधि में कमीशनखोरी , बड़े - बड़े ठेकों में हिस्सा ... हर सर्वे , हर बहस , हर नुक्कड़ पर सबसे ज्यादा भ्रष्ट की चर्चा हो तो नेताओं को नाम सबसे ऊपर आता है। जन - प्रतिनिधि अब खुद तो धन - प्रतिनिधि बन गए हैं लेकिन कोई और पैसे कमाए यह उनसे बर्दाश्त नहीं।

एक लोकप्रिय म्यूजिक चैनल पर दो अजीब से प्राणी दिखाई देते हैं। इसमें छोटा प्राणी बड़े वाले से चुहल करता नजर आता है और झल्लाकर बड़े को कहना पड़ता है , ' बकवास बंद कर। ' हमारा भी यही कहना है।